उबेश्वर महादेव | मेवाड़दर्शन

 राजस्थान की अरावली पर्वतमाला के अंतर्गत मेवाड़ ने अपनी प्राचीन विरासतों को सहेज कर रखा है। इन्ही विरासतों में से एक है उबेश्वर जी महादेव जहां जाकर आपके तन मन मे एक सुकून और ताजगी का अहसास होता है।उदयपुर में और उसके आस-पास कई पिकनिक स्पॉट हैं, लेकिन इनमें से उबेश्वर जी सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। जैसे ही बारिश का मौसम शुरू होता है यह स्थान बेहद खूबसूरत बन जाता है।यह स्थान उदयपुर और आसपास के पर्यटकों के लिए बेहतरीन पिकनिक स्पॉट के रूप में उभर कर सामने आया है। यहां पर एक हरियाली से आच्छादित पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर बहुत ही लोकप्रिय है और यहां के नजारे वास्तव में मनमोहक होते हैं।

उबेश्वर महादेव | मेवाड़दर्शन | राजस्थान

आप इस स्थान पर आकर भरपूर आनंद लेंगे क्योंकि यह स्थान आपको भारत की सबसे प्राचीन अरावली पर्वतमाला की खूबसूरत श्रृंखलाओं को देखने का अवसर प्रदान करेगा। इसके रास्ते मे कई गांव आएंगे जहां आप स्थानीय लोगों के जीवन, संस्कृति और जीवन शैली को जान सकते हैं। जीवन जीने की कला को बेहतर तरीके से समझने के लिए आप यहां के लोगों से बातचीत कर इनके ज्ञान का लाभ उठा सकते हैं।

इसके अलावा आप रास्ते मे नदियों, झरनों, झीलों और पहाड़ों को देखने का लुत्फ उठा सकते हैं।अपने गंतव्य पर पहुंचने के बाद आप एक छोटी सी झील के किनारे स्थित उबेश्वर जी महादेव मंदिर का आनंद ले सकते हैं। यहां कल कल बहती नदी, शीतल हवा और पक्षियों का कलरव किसी का भी मन मोहने के लिए काफी है।

आप इस मंदिर में शांति के साथ बैठ सकते हैं और दर्शन लाभ लेकर आराम कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि ज्यादा शोरगुल न मचाएं और न ही इधर उधर कूड़ा करकट फैलाएं, और न ही मन्दिर परिसर के अंदर खाना खाएं।

अगर आप यहां रात्रि विश्राम के बारे में सोच रहे हैं तो यहाँ पर कोई खास जगह नहीं है जहां आप अपनी रात बिता सकें। इसलिए अगर आप रात्रि रुकने के हिसाब से आ रहे हैं तो अपने साथ रात्रि रुकने की व्यवस्था लेकर आवें।इसके अतिरिक्त यहां पर कोई रेस्टोरेंट या होटल नही है सिर्फ छोटी मोटी दुकाने हैं या एक कियोस्क है जहां चाय पकौड़े, चिप्स आदि मिल जाते हैं, इसलिए खाने के लिए भोजन सामग्री साथ लेकर आवें।

ये अवश्य सुनिश्चित करें कि आपका वाहन पूर्णतया फिट हो और आप वाहन चलाने में निपुण हों या ड्राइवर साथ लेकर चलें क्योंकि उबेश्वर जी के रास्ते पर कई तीखे मोड़ और ढलान हैं।

अगर आपको ऑल्टो फोबिया (ऊंचाई का डर) है तो इस ट्रिप को प्लान करने से पहले दो बार सोच लें।निकटतम पेट्रोल पंप लगभग 20 किमी दूर है, इसलिए अपने वाहन के ईंधन टैंक को ईंधन से भरा हुआ रखें। झील के पास पानी के छींटे पड़ने और काई की वजह से फिसलन भरा रहता है, इसलिए ध्यान रखें कि तालाब में फिसल कर गिर नही जाएं।तालाब में मौजूद मछलियों को केवल मछलियों के लिए डाले जाने वाला खाद्य पदार्थ ही खिलाएं तालाब में अन्य खाद्य पदार्थ डालकर प्रदूषित न करें।

हालांकि तालाब अधिक गहरा नही है फिर भी अधिक दूरी तक जाने से परहेज ही रखें।

उबेश्वर जी तक कैसे पहुंचे:-

उदयपुर शहर में मल्ला-तलाई सर्कल से रामपुरा, सज्जनगढ़ पैलेस, मोरवानिया, धार होते हुए कुंडाल गांव जाना होता है जिसकी लम्बाई लगभग 20किमी है। इसके लिए आप स्वयं के वाहन से या शहर में से टैक्सी आदि से जा सकते हैं।

उबेश्वर जी मे आप हाइकिंग और ट्रेकिंग का मजा भी ले सकते हैं, यहां की ऊंची और हरियाली से लबरेज पहाड़ियों में हाइकिंग करना अपने आप मे अलग ही अनुभव साबित होगा। लेकिन ये हाइकिंग पूर्ण सुरक्षा उपकरणों और जानकर गाइड के साथ ही करना चाहिए। इस सावन में उबेश्वर जी आपके लिए एक अच्छा और रमणीय स्थल साबित हो सकता है।



उबेश्वर महादेव | मेवाड़दर्शन | राजस्थान


Comments